राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो की गति बढ़ाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि करीब एक वर्ष में इस कारिडोर पर औसतन 120 किमी प्रति घंटे की गति से मेट्रो रफ्तार भरने लगेगी। इसलिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल3 मेट्रो स्टेशन पर यात्री महज 15 मिनट में पहुंच सकेंगे। अभी यह दूरी तय करने में 19 मिनट लगते हैं।
नई दिल्ली से द्वारका सेक्टर-21 के बीच इस एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की लंबाई 22.7 किमी है। इस लाइन पर नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं, एरोसिटी, एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और द्वारका सेक्टर-21 जैसे छह स्टेशन हैं। इस कारिडोर पर स्वीकृत गति 90 किमी प्रति घंटे है। मौजूदा समय में औसतन 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मेट्रो चलती है। इसलिए नई दिल्ली से एयरपोर्ट टर्मिनल-3 के बीच 19.4 किमी का सफर मेट्रो से तय करने में करीब 19 मिनट लगते हैं। डीएमआरसी का कहना है कि इस कारिडोर का निर्माण हाई स्पीड मेट्रो के परिचालन के लिए किया गया है। इसलिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर स्वीकृत गति 135 किमी प्रति घंटे हो सकती है। तब औसतन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मेट्रो चल सकेगी।
Automotive News Exclusive For You. 🚘 👇
डीएमआरसी का कहना है कि इस कारिडोर पर मेट्रो की गति चरणबद्ध तरीके से बढ़ाई जाएगी। इसके लिए सबसे पहले ट्रैक के टेंशन क्लैंप को बदलकर हाई फ्रीक्वेंसी का टेंशन क्लैंप लगाया जाएगा। इसके बाद मेट्रो ट्रैक पर ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे जिससे गति की निगरानी हो सके। इसके बाद शुरू में मेट्रो की गति 100 किमी प्रति घंटे की जाएगी। एक माह तक निगरानी के बाद गति बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटे की जाएगी।
Delhi - NCR Don't Miss 📰 🙏
Hyperlocal News reports
इसके एक माह बाद गति 120 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। छह माह तक इस प्रक्रिया का ट्रायल होगा। इस ट्रायल और मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त से स्वीकृति के बाद यात्रियों को 120 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली मेट्रो में सफर का मौका मिलेगा। अगले माह द्वारका सेक्टर-25 तक इस कारिडोर का विस्तार भी होना है।